अजित पवार की मृत्यु के बाद शिवसेना का बड़ा फैसला, अब वीएसआर कंपनी के विमानों का नहीं करेंगे इस्तेमाल

मुंबई। एकनाथ शिंदे और उनकी पार्टी शिवसेना ने वीएसआर कंपनी के विमानों का उपयोग नहीं करने का निर्णय लिया है। यह फैसला बारामती विमान हादसे के बाद लिया गया है, जिसमें अजित पवार की मृत्यु हो गई थी।
जानकारी के अनुसार, जिस विमान में अजित पवार सवार थे, वह दिल्ली स्थित VSR Ventures Pvt Ltd का लियरजेट 45एक्सआर मॉडल वीटी एसएसके था। हादसे के समय विमान में उनके साथ एक पीएसओ, एक अटेंडेंट और दो क्रू सदस्य मौजूद थे।
अजित पवार की मौत के बाद नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने वीएसआर वेंचर्स के चार विमानों के संचालन पर रोक लगा दी थी। विशेष ऑडिट और निगरानी के दौरान मिली गंभीर खामियों के आधार पर इन विमानों को ग्राउंड कर दिया गया। यानी इन पर उड़ान भरने की पाबंदी लगा दी गई।
यह हादसा 28 जनवरी 2026 को पुणे जिले के बारामती में हुआ था। अजित पवार मुंबई से चार्टर्ड विमान से बारामती में जनसभाओं को संबोधित करने जा रहे थे। सुबह लगभग 8:46 बजे बारामती एयरपोर्ट के रनवे 11 पर लैंडिंग के दूसरे प्रयास के दौरान विमान अनियंत्रित होकर खुले मैदान में गिर गया और उसमें आग लग गई। जमीन से टकराने के बाद कई धमाके हुए, जिससे विमान में सवार सभी लोगों की मौत हो गई।
घटना के बाद विमानन सुरक्षा को लेकर सवाल उठे थे। मामले में जांच जारी है और आगे की कार्रवाई रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।



