‘नो हेलमेट, नो पेट्रोल’ अभियान: कलेक्टर के निर्देश पर पेट्रोल पंप संचालकों की बैठक, नियमों के पालन पर जोर

दुर्ग। कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देश पर कलेक्टोरेट सभाकक्ष में अपर कलेक्टर वीरेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा उपायों के तहत नो हेलमेट नो पेट्रोल आदेश के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर पेट्रोल पंप एसोसिएशन के सदस्यों और संचालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस विभाग से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर और खाद्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
अपर कलेक्टर वीरेन्द्र सिंह ने दोपहिया वाहन चालकों को बिना हेलमेट पेट्रोल नहीं देने के आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह निर्णय जन सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिया गया है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। उन्होंने पेट्रोल पंप संचालकों को आम लोगों के बीच इस संबंध में व्यापक जागरूकता फैलाने के लिए भी कहा।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि किसी प्रकार के विवाद की स्थिति में पुलिस विभाग से समन्वय स्थापित कर कार्रवाई की जाए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर ने हेलमेट की अनिवार्यता पर जोर देते हुए सभी संचालकों से प्रशासनिक आदेशों का पालन करने का आग्रह किया।
बैठक के दौरान पेट्रोल पंप संचालकों ने अपनी व्यावहारिक समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराया, जिस पर आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया गया। इसके अलावा सभी पेट्रोल पंपों पर आमजन की सुविधा के लिए हवा, स्वच्छ पेयजल और स्वच्छ शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।



