बिलासपुर में युवक ने खुद को आग लगाई, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

बिलासपुर। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के कतियापारा इलाके में एक युवक द्वारा खुद को आग लगाने की घटना से हड़कंप मच गया। युवक गंभीर रूप से झुलस गया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से उसे समय रहते सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घायल युवक की पहचान अभय पांडेय के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार उसने अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों की सहायता से आग बुझाकर उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक मानसिक तनाव से गुजर रहा था। पारिवारिक विवाद को घटना का संभावित कारण माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी पिछले दो महीनों से उससे अलग रह रही थी। शराब के नशे में विवाद की भी बात सामने आई है। युवक पिछले एक महीने से काम पर भी नहीं जा रहा था। घटना के समय उसके नशे में होने की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। होश में आने के बाद उसका बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



