राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा ने सात नामों का पैनल भेजा, 26 मार्च से नामांकन

रायपुर। छत्तीसगढ़ में राज्यसभा की दो सीटों के लिए चुनाव की घोषणा हो गई है। 26 मार्च से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। इसी बीच भाजपा ने दावेदारों के नामों का पैनल तैयार कर पार्टी हाईकमान को भेज दिया है।
पार्टी ने अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और सामान्य वर्ग के नेताओं को पैनल में शामिल करते हुए कुल सात नाम प्रस्तावित किए हैं। हाईकमान को भेजे गए प्रस्ताव में नवीन मार्कंडेय, कृष्णमूर्ति बांधी, किरण बघेल, गौरीशंकर अग्रवाल, प्रबल प्रताप जूदेव, सरोज पांडे और नारायण सिंह चंदेल के नाम शामिल हैं।
जातिगत समीकरण को ध्यान में रखते हुए अनुसूचित जाति वर्ग से नवीन मार्कंडेय, कृष्णमूर्ति बांधी और किरण बघेल को पैनल में स्थान दिया गया है। सामान्य वर्ग से गौरीशंकर अग्रवाल, प्रबल प्रताप जूदेव और सरोज पांडे के नाम प्रस्तावित किए गए हैं। अन्य पिछड़ा वर्ग से पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण सिंह चंदेल का नाम भेजा गया है।
दूसरी ओर कांग्रेस में अभी संभावित नामों को लेकर केवल चर्चा जारी है।



