रेलवे में 11,127 असिस्टेंट लोको पायलट पदों पर भर्ती, 18 से 30 वर्ष आयु सीमा

नई दिल्ली। भारतीय रेलवे ने असिस्टेंट लोको पायलट एएलपी के 11,127 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है। यह तकनीकी श्रेणी की प्रमुख भर्तियों में शामिल है। भर्ती प्रक्रिया वर्ष 2026 के लिए निर्धारित की गई है और देशभर के 17 रेलवे जोनों में नियुक्तियां की जाएंगी।
रेलवे प्रशासन ने इस संबंध में सभी जोनल रेलवे और चित्तरंजन लोकोमोटिव वर्क्स को सूचना भेज दी है। इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। इस भर्ती के तहत राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों के अभ्यर्थियों को अवसर मिलेगा।
आवेदन के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 30 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट प्रदान की जाएगी। ओबीसी वर्ग के लिए अधिकतम आयु 33 वर्ष तथा एससी और एसटी वर्ग के लिए 35 वर्ष तय की गई है।
शैक्षणिक योग्यता के रूप में उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से 10वीं उत्तीर्ण होना आवश्यक है। इसके साथ संबंधित ट्रेड में आईटीआई प्रमाणपत्र या डिप्लोमा होना अनिवार्य है। भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी आधिकारिक अधिसूचना में उपलब्ध है।


