दिल्ली पुलिस का एक्शन: देश दहलाने की साजिश रच रहे 8 संदिग्ध गिरफ्तार, सीमा पार से मिल रही थी फंडिंग

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आतंकी साजिश का पर्दाफाश किया है। टीम ने तमिलनाडु से 6 और पश्चिम बंगाल से 2 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के अनुसार कुछ आरोपियों के बांग्लादेशी नागरिक होने की भी आशंका है। अब तक कुल 8 संदिग्धों को पकड़ा जा चुका है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और बांग्लादेश के आतंकी संगठनों के संपर्क में थे। इनके पास से मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। तमिलनाडु से पकड़े गए सभी आरोपियों को ट्रेन के जरिए दिल्ली लाया गया है।
तमिलनाडु के तिरुप्पुर स्थित विभिन्न गारमेंट यूनिट्स से 6 संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। इनमें उथुकुली से 2, पल्लादम से 3 और तिरुमुरुगनपूंडी से 1 आरोपी को पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों के नाम मिजानुर रहमान, मोहम्मद शबत, उमर, मोहम्मद लितान, मोहम्मद शाहिद और मोहम्मद उज्जल बताए गए हैं।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी फर्जी आधार कार्ड के जरिए अपनी पहचान छिपाकर रह रहे थे। गारमेंट उद्योग में काम करने की आड़ में ये आतंकी नेटवर्क से जुड़े हुए थे। पुलिस के अनुसार ये सोशल मीडिया पर पाकिस्तान स्थित संगठनों के समर्थन में सामग्री पोस्ट कर युवाओं को गुमराह करने की कोशिश कर रहे थे।
कार्रवाई के दौरान 8 मोबाइल फोन और 16 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। बरामद डेटा से विदेशी हैंडलरों के सुराग मिले हैं। जांच एजेंसियों को संदेह है कि आरोपियों को सीमा पार से फंडिंग मिल रही थी। यह भी सामने आया है कि कुछ संदिग्धों ने देश के महत्वपूर्ण शहरों की रेकी की थी और दिल्ली में फ्री कश्मीर के पोस्टर लगाने जैसी गतिविधियों में शामिल थे। मामले में आगे की जांच जारी है।


