रायपुर में 28 फरवरी को भजन क्लबिंग का भव्य आयोजन, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया पोस्टर का विमोचन

रायपुर। राजधानी रायपुर में युवाओं को भक्ति और अध्यात्म से जोड़ने के लिए एक अनूठा आयोजन भजन क्लबिंग होने जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज इस कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन किया। इस अवसर पर आयोजन समिति के सदस्य आशुतोष दुबे और अतुल श्रीवास्तव सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने में सहायक सिद्ध होते हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मन की बात कार्यक्रम में भजन क्लबिंग जैसे नवाचारों की प्रशंसा की थी। उनकी इसी प्रेरणा को आगे बढ़ाते हुए सामाजिक चेतना मंच द्वारा 28 फरवरी 2026 को रायपुर के इंडोर स्टेडियम में शाम 6 बजे से इस ऐतिहासिक आध्यात्मिक-संगीत कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन को छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग, जनसंपर्क विभाग और इस्कॉन का विशेष सहयोग प्राप्त है।
इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विश्वविख्यात माधवास रॉक बैंड होगा। यह बैंड अपनी विशेष रॉक और फ्यूजन शैली में भक्ति संगीत प्रस्तुत कर युवाओं को नई ऊर्जा के साथ आध्यात्मिक चेतना से रूबरू कराएगा। इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं की आधुनिक जीवनशैली और पारंपरिक भक्ति के बीच एक बेहतर समन्वय स्थापित करना है।



