12वीं की छात्रा ने घर में किया सुसाइड, वीडियो कॉल के दौरान फंदे पर झूली, मोबाइल जब्त

जांजगीर-चांपा। जांजगीर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के लक्षनपुर गांव से एक सनसनीखेज आत्महत्या की घटना सामने आई है। 12वीं की 18 वर्षीय छात्रा रजनी प्रधान ने वीडियो कॉल पर प्रेमी से बात करते हुए घर में फांसी लगाकर जान दे दी। छात्रा के प्रेमी ने खुद सिटी कोतवाली थाने पहुंचकर पुलिस को इसकी सूचना दी।
जानकारी के अनुसार, रजनी प्रधान के माता-पिता मजदूरी के लिए सुबह घर से बाहर गए थे। दोपहर करीब दो से तीन बजे के बीच छात्रा घर में अकेली थी। जब माता-पिता लौटे तो उन्हें कमरे में बेटी की लाश पंखे से लटकी मिली। सदमे में उनकी हालत बिगड़ गई। उन्होंने पड़ोसियों को सूचना दी और पुलिस को खबर की।
पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पंचनामा तैयार करने के बाद शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि छात्रा ने प्रेमी से वीडियो कॉल पर बातचीत के दौरान ही फांसी लगाई। छात्रा का मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है। पुलिस सीडीआर की जांच कर रही है ताकि आखिरी समय में किससे बात हुई और किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया गया, इसका पता लगाया जा सके।
पड़ोसियों और ग्रामीणों के अनुसार रजनी पढ़ाई में अच्छी थी और सभी से मिलनसार व्यवहार रखती थी। वह किसी तरह के तनाव या चिंता में नहीं दिखती थी। उसका व्यवहार पूरी तरह सामान्य था। अचानक हुई इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।
जांजगीर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस छात्रा की पारिवारिक स्थिति, व्यक्तिगत संबंध, परीक्षा से जुड़ा तनाव या किसी अन्य मानसिक दबाव सहित सभी संभावित कारणों की गहन जांच कर रही है। आत्महत्या के सटीक कारणों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।



