रायपुर में सुबह छाएगी धुंध, प्रदेश के मौसम मिजाज में एक हफ्ते तक कोई खास बदलाव नहीं

रायपुर। प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम के मिजाज में खास बदलाव की संभावना नहीं है। मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार आगामी सात दिनों तक न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं होगा, जबकि अधिकतम तापमान भी अगले पांच दिनों तक लगभग स्थिर बना रहेगा।
मौसम सारांश के अनुसार बीते 24 घंटों के दौरान पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहा। इस अवधि में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 34.0 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड हुआ। किसी भी जिले में वर्षा दर्ज नहीं की गई।
मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में प्रदेश के ऊपर कोई प्रभावी मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है, जिसके कारण मौसम शुष्क बना हुआ है। आज भी प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है और अगले दो दिनों बाद भी मौसम में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में सुबह के समय हल्की धुंध रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान लगभग 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।



