अटल विश्वविद्यालय में सुरक्षा मानकों की अनदेखी: मूर्ति गिरने से मजदूर जख्मी, दोषियों पर कार्रवाई की मांग

बिलासपुर। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय में प्रशासनिक लापरवाही और जल्दबाजी के चलते एक बड़ा हादसा हो गया। विश्वविद्यालय परिसर में रानी दुर्गावती और भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापित करने के दौरान एक मजदूर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इस घटना से आक्रोशित छात्रों ने विश्वविद्यालय में प्रदर्शन किया और कुलसचिव को ज्ञापन सौंपकर जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार को मूर्तियों की स्थापना के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई। भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा लगाते समय क्रेन से संतुलन बिगड़ने के कारण मूर्ति सीधे एक मजदूर के पैर पर जा गिरी। इस हादसे में मजदूर के दाहिने पैर और सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोटें आई हैं। छात्रों का आरोप है कि मजदूर को कोई सुरक्षा उपकरण नहीं दिए गए थे और क्रेन ऑपरेटर पर काम जल्द पूरा करने का दबाव बनाया जा रहा था।
छात्र नेता सूरज सिंह राजपूत ने बताया कि कुलपति का कार्यकाल अगले चार दिनों में समाप्त होने वाला है। उनके कार्यकाल में ही मूर्ति का अनावरण कराने की जल्दबाजी में यह हादसा हुआ। छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के समय अधिकारियों ने वीडियोग्राफी करने से रोका और घायल मजदूर को अस्पताल में छोड़कर विश्वविद्यालय के जिम्मेदार अधिकारी वहां से चले गए।
इस मामले को लेकर छात्रों और कुलसचिव के बीच तीखी बहस भी हुई। छात्रों ने विश्वविद्यालय के यांत्रिकी विभाग और संबंधित ठेकेदार की भूमिका की जांच कर तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं घटना के बाद से विश्वविद्यालय के संबंधित तकनीकी अधिकारी इस मामले पर प्रतिक्रिया देने से बच रहे हैं।


