नशे के खिलाफ बिलासपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चार महिलाओं समेत 13 आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। जिले में अवैध नशे के कारोबार के विरुद्ध पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर गांजा और नशीली टेबलेट के अवैध व्यापार में शामिल 4 महिलाओं सहित कुल 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से 8 किलो से अधिक गांजा और 2,925 प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बरामद की गई हैं।
पुलिस की यह कार्रवाई सरकंडा, सिविल लाइन, बेलगहना, सीपत, कोनी, कोटा, रतनपुर, बिल्हा और सिरगिट्टी थाना क्षेत्रों में की गई। पकड़े गए आरोपियों में 12 गांजा तस्करी और 1 प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बेचने के मामले में शामिल हैं। जब्त की गई नशीली टेबलेट की अनुमानित कीमत 11,497 रुपये बताई जा रही है।
इसी कड़ी में कोनी पुलिस ने अवैध गांजा बेचने के आरोप में पूर्णिमा वर्मा नामक महिला को गिरफ्तार किया है। महिला के पास से 1 किलो 256 ग्राम गांजा और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है, जिसकी कुल कीमत लगभग 36,000 रुपये आंकी गई है। आरोपी महिला के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के नेटवर्क को तोड़ने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



