प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि: इस दिन जारी हो सकती है अगली किस्त, अपना स्टेटस अभी करें चेक

नई दिल्ली। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना को लेकर देशभर के किसानों में उत्सुकता बढ़ गई है। योजना के तहत साल में तीन बार 2-2 हजार रुपये की सहायता दी जाती है, जिससे खेती के छोटे खर्च पूरे करने में मदद मिलती है। अब तक 21 किस्तें जारी हो चुकी हैं और किसानों की नजर 22वीं किस्त पर है। पिछली किस्त 19 नवंबर 2025 को जारी हुई थी, इसलिए अगली किस्त का समय करीब माना जा रहा है।
होली से पहले आ सकती है किस्त
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सरकार होली से पहले किसानों को राहत दे सकती है। अनुमान है कि 24 फरवरी 2026 के बाद कभी भी 22वीं किस्त जारी हो सकती है। हालांकि अभी आधिकारिक तारीख घोषित नहीं हुई है। यह योजना 2019 के अंतरिम बजट में शुरू हुई थी और आज दुनिया की सबसे बड़ी डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर योजनाओं में गिनी जाती है।
कुछ किसानों को मिलेंगे 4000 रुपये
आमतौर पर किसानों को 2000 रुपये मिलते हैं, लेकिन इस बार कुछ पात्र किसानों के खाते में 4000 रुपये आ सकते हैं। यह अतिरिक्त राशि नहीं बल्कि पिछली अटकी किस्त और मौजूदा किस्त को मिलाकर दी जाएगी। जिन किसानों की 21वीं किस्त तकनीकी या दस्तावेजी कारणों से नहीं मिली थी और उन्होंने सुधार कर लिया है, उन्हें दोनों किस्तें एक साथ मिलेंगी। बाकी किसानों को सामान्य रूप से 2000 रुपये ही मिलेंगे।
ई केवाईसी जरूरी, वरना अटक सकता है पैसा
सरकार ने साफ किया है कि ई-केवाईसी के बिना भुगतान नहीं होगा। किसानों को पोर्टल पर ओटीपी के माध्यम से या नजदीकी सीएससी केंद्र पर बायोमेट्रिक तरीके से ई-केवाईसी पूरा करना होगा। नए किसानों को भी आवेदन और सत्यापन प्रक्रिया समय पर पूरी करनी होगी।
ऐसे करें स्टेटस चेक
किस्त जारी होने से पहले किसान ऑनलाइन पोर्टल पर अपना नाम और ई-केवाईसी की स्थिति जांच सकते हैं, ताकि भुगतान में कोई बाधा न आए।



