भागलपुर: नवगछिया के सड़वा बाजार में भीषण आग, सिलेंडर ब्लास्ट के साथ 6 दुकानें जलकर खाक, लाखों का नुकसान

भागलपुर। जिले के नवगछिया अंतर्गत सड़वा बाजार में रविवार सुबह शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने विकराल रूप ले लिया। इस अग्निकांड में करीब छह दुकानें जलकर पूरी तरह खाक हो गईं। एक दुकान में रखे गैस सिलेंडर के फटने से जोरदार धमाका हुआ, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
सुबह के समय अधिकांश लोग घरों में सो रहे थे। आग की लपटें और धुआं उठता देख लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सबसे पहले बिजली विभाग को सूचना देकर आपूर्ति बंद कराई, ताकि कोई और बड़ा हादसा न हो।
सूचना मिलते ही नवगछिया और गोपालपुर से दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार सिलेंडर विस्फोट इतना तेज था कि आसपास के घरों से लोग बाहर निकल आए। आग में यादव, राजेंद्र रजक और सुधीर ठाकुर सहित अन्य दुकानदारों की दुकानें जल गईं।
प्रशासनिक अनुमान के मुताबिक आग से पांच लाख रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है। रंगरा थाना अध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। प्रशासन मामले की विस्तृत जांच कर रहा है।



