नकली पासबुक के जरिए करोड़ों का फर्जीवाड़ा: जटकन्हार पोस्ट ऑफिस में बड़ा घोटाला, किसान के खाते से खुला राज

डोंगरगढ़। ग्राम पंचायत जटकन्हार स्थित पोस्ट ऑफिस में करोड़ों रुपये के फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। यहां पदस्थ पोस्ट मास्टर आशीष मंडावी पर लगभग आठ गांवों के सैकड़ों ग्रामीणों की जमा पूंजी का गबन कर फरार होने का आरोप है। ग्रामीणों के अनुसार आरोपी ने एक करोड़ रुपये से अधिक की राशि हड़प ली है। मामले की शिकायत थाना डोंगरगढ़ में दर्ज कराई गई है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
किसान के खाते से हुआ खुलासा
स्थानीय लोगों के मुताबिक पूरे प्रकरण का खुलासा तब हुआ जब एक युवा किसान अपने खाते में जमा तीन लाख रुपये में से एक लाख रुपये निकालने पोस्ट ऑफिस पहुंचा। जांच में उसके खाते में मात्र तीन हजार रुपये शेष मिले। इसके बाद अन्य खातों की जांच शुरू हुई तो बड़े घोटाले का पता चला। ग्रामीणों की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
सूत्रों के अनुसार आरोपी पिछले करीब दस वर्षों से बेलगांव, माड़ीतराई, कटली, धुसेरा, हरणसिंधी, नागतराई, डारागांव और जामरी सहित आठ गांवों के लगभग 3000 खाताधारकों के साथ धोखाधड़ी कर रहा था। बताया जा रहा है कि वह लोगों को नकली पासबुक जारी कर जमा राशि की एंट्री करता, लेकिन मूल रिकॉर्ड में दर्ज नहीं करता था। इस तरह धीरे-धीरे करोड़ों रुपये का गबन किया गया।



