महाशिवरात्रि पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कोसमनारा धाम में पूजा की, 1.20 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास

विष्णुदेव साय महाशिवरात्रि के अवसर पर अपनी धर्मपत्नी कौशल्या साय के साथ रायगढ़ प्रवास के दौरान देर रात ग्राम कोसमनारा स्थित श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा धाम पहुंचे। उन्होंने भगवान भोलेनाथ और श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की तथा सभी को महाशिवरात्रि पर्व की बधाई दी।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने जिला खनिज न्यास मद से 1 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इनमें मुख्य भवन के सामने ग्रेनाइट फर्श सहित शेड निर्माण, आगंतुकों के विश्राम और भोजन के लिए शेड, शौचालय परिसर तथा पार्किंग क्षेत्र के लिए सीमेंट कांक्रीट सड़क का निर्माण शामिल है। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोसमनारा स्थित यह धाम श्रद्धा और आस्था का प्रमुख केंद्र है और यहां की आध्यात्मिक ऊर्जा समाज को सकारात्मक दिशा व आत्मबल प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गुरुजनों के आशीर्वाद और जनता के विश्वास के साथ जनकल्याण के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ रही है।
रायगढ़ जिला मुख्यालय से लगभग सात किलोमीटर दूर स्थित यह धाम वर्षों से श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है, जहां बड़ी संख्या में लोग दर्शन के लिए पहुंचते हैं। जनश्रुति के अनुसार श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा वर्ष 1998 से कठोर तपस्या में लीन हैं और वर्ष 2003 में उन्हें श्री श्री 108 की उपाधि प्राप्त हुई, जिसके बाद धाम की ख्याति और बढ़ी। बताया जाता है कि बाबा ने पत्थरों को एकत्र कर शिवलिंग का स्वरूप निर्मित कर इसी स्थान को अपनी तपोभूमि बनाया।
कार्यक्रम में महापौर जीवर्धन चौहान, नगर निगम सभापति डिग्रीलाल साहू, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।



