गरियाबंद में सड़क किनारे नहर के पास युवती की सड़ी-गली लाश मिली, रायपुर निवासी के रूप में हुई पहचान

गरियाबंद। जिले के राजिम थाना अंतर्गत श्यामनगर-देवरी मार्ग पर नहर किनारे एक युवती का सड़ी-गली अवस्था में शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। शव से उठ रही तेज दुर्गंध के कारण ग्रामीणों को संदेह हुआ, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची राजिम पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
राजिम थाना प्रभारी अमृत साहू के अनुसार, स्थानीय लोगों ने पिछले दो-तीन दिनों से इलाके में बदबू आने की शिकायत की थी। शनिवार सुबह जब ग्रामीणों ने खोजबीन की तो नहर के पास झाड़ियों में शव दिखाई दिया। पुलिस ने प्रारंभिक तफ्तीश के बाद मृतका की पहचान रायपुर के टिकरापारा निवासी चंचल साहू के रूप में की है। जानकारी के अनुसार, युवती 30 जनवरी से अपने घर से लापता थी और परिजनों ने टिकरापारा थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
शव की हालत को देखते हुए पुलिस प्रथम दृष्टया इसे हत्या का मामला मानकर चल रही है। हालांकि, आधिकारिक तौर पर मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही की जाएगी। साक्ष्य जुटाने के लिए मौके पर फॉरेंसिक एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉड की टीम को बुलाया गया है। पुलिस मृतका के कॉल रिकॉर्ड्स खंगालने के साथ ही आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है।
फिलहाल पुलिस ने शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना के बाद से स्थानीय निवासियों में भय का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सूक्ष्मता से जांच की जा रही है और जल्द ही इस गुत्थी को सुलझा लिया जाएगा।



