केंद्रीय कर्मचारियों के लिए खुशखबरी: 8वें वेतन आयोग ने मांगे सुझाव, जानें कब तक मिलेगी बढ़ी हुई सैलरी

नई दिल्ली। केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए 8वें वेतन आयोग से जुड़ी गतिविधियां तेज हो गई हैं। सरकार ने आयोग के कामकाज को गति देने के लिए एक महत्वपूर्ण नियुक्ति की है। प्रधानमंत्री की अध्यक्षता वाली कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने 8वें वेतन आयोग में नए निदेशक की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है।
कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, भारतीय रेलवे लेखा सेवा के 2009 बैच के वरिष्ठ अधिकारी कृष्णा वीआर को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग के तहत केंद्रीय स्टाफिंग योजना के माध्यम से प्रतिनियुक्ति पर लाया गया है। माना जा रहा है कि इस नियुक्ति से आयोग की रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया में तेजी आएगी।
कर्मचारी और पेंशनभोगी दे सकते हैं सुझाव
सरकार ने इस बार वेतन आयोग की सिफारिशों को अधिक व्यवहारिक बनाने के लिए सुझाव मांगने की प्रक्रिया शुरू की है। 8वें वेतन आयोग ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट 8cpc.gov.in लॉन्च की है। आयोग ने केंद्रीय कर्मचारियों, पेंशनभोगियों और विभिन्न मंत्रालयों से सीधे सुझाव आमंत्रित किए हैं। बेसिक वेतन, पेंशन विसंगतियों और फिटमेंट फैक्टर जैसे मुद्दों पर कर्मचारी अपनी राय दे सकते हैं। सुझाव MyGov पोर्टल के माध्यम से भेजे जा सकते हैं। सुझाव देने की अंतिम तिथि 16 मार्च 2026 निर्धारित की गई है।
रिपोर्ट कब तक आएगी
बढ़ी हुई सैलरी कब लागू होगी, यह कर्मचारियों के बीच प्रमुख सवाल है। संसद में वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने जानकारी दी कि आयोग के गठन की अधिसूचना 3 नवंबर 2025 को जारी की गई थी। नियमों के अनुसार आयोग को अपनी रिपोर्ट सौंपने के लिए 18 महीने का समय दिया गया है। इस आधार पर आयोग वर्ष 2027 के मध्य तक अपनी सिफारिशें सरकार को सौंप सकता है।



