उड़ान से पहले इंडिगो की फ्लाइट में मिली बम की पर्ची, कोलकाता हवाई अड्डे पर हाई अलर्ट

कोलकाता एयरपोर्ट पर इंडिगो की उड़ान से ठीक पहले बम की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। पायलट को टॉयलेट में एक पर्ची मिली, जिसमें विमान में बम होने की बात लिखी थी। इसके बाद यात्रियों को तुरंत विमान से उतारकर सुरक्षा जांच शुरू की गई और एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया।
इंडिगो की फ्लाइट 6E3074 सुबह 9:15 बजे कोलकाता से शिलॉन्ग के लिए उड़ान भरने वाली थी। चेतावनी मिलने के बाद विमान को आइसोलेशन बे में ले जाया गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने विमान की गहन तलाशी ली।
घटना की जानकारी मिलते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। अधिकारियों ने बताया कि पर्ची किसने रखी, इसकी जांच की जा रही है। सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद उड़ान करीब 11:30 बजे अपने गंतव्य के लिए रवाना हुई।
यह पहली बार नहीं है जब इंडिगो की उड़ान को बम की धमकी मिली हो। जनवरी में दिल्ली से बागडोगरा जा रही उड़ान को भी धमकी मिलने पर लखनऊ में आपात लैंडिंग कर तलाशी ली गई थी। पिछले वर्ष कोलकाता से मुंबई जाने वाली उड़ान 6E-5227 को भी फोन कॉल के जरिए धमकी मिली थी, हालांकि जांच में कुछ संदिग्ध नहीं मिला था।



