‘शिकायत करना पड़ेगा भारी’: बिश्नोई गैंग ने रणवीर सिंह को दी सीधी चेतावनी, परिवारों को लेकर कही ये बात

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह और निर्देशक रोहित शेट्टी को एक बार फिर धमकी मिली है। 10 फरवरी को रोहित शेट्टी के घर पर पांच राउंड फायरिंग के बाद अब दोनों को फिर से जान से मारने की धमकी दी गई है। इस बार धमकी लॉरेन्स बिश्नोई गैंग के गैंगस्टर हैरी बॉक्सर ने दी है। गैंग ने इस धमकी की पूरी जिम्मेदारी ली है।
धमकी में क्या कहा गया?
जानकारी के अनुसार, धमकी में यह कहा गया, “रणवीर सिंह, तूने रोहित शेट्टी को शिकायत करने की सलाह दी थी, अब तुझे बताएंगे कि तेरा और तेरे परिवार का कोई कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा। हम सब जानते हैं कि तुम दोनों के कितने मैनेजर हैं, वे कहां रहते हैं, कब आते हैं, और कब जाते हैं। अब हम एक-एक मैनेजर को ठिकाने लगाना शुरू करेंगे, वरना सुधर जाओ।”
इसके अलावा, हैरी बॉक्सर ने पुर्तगाल में भारतीयों के पासपोर्ट जब्त करने की घटना पर भी फायरिंग की जिम्मेदारी ली है।
पुलिस का क्या कहना है?
मुंबई पुलिस ने बिश्नोई गैंग और हैरी बॉक्सर की तरफ से कथित तौर पर जारी किए गए ऑडियो मैसेज की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि यह ऑडियो मीडिया के माध्यम से ही उनके पास पहुंचा है, और इसकी वास्तविकता की पुष्टि जांच के बाद की जाएगी। क्राइम ब्रांच के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह ऑडियो गैंग से जुड़े व्यक्ति का है या नहीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
पुलिस ने यह भी कहा है कि कॉपीकैट क्रिमिनल और असली धमकियों में फर्क करना मुश्किल हो सकता है, क्योंकि इस प्रकार के फर्जी ऑडियो मैसेज आसानी से AI के जरिए तैयार किए जा सकते हैं। हालांकि, वायरल हो रहे इस ऑडियो मैसेज को पुलिस की संज्ञान में लिया गया है और इसकी जांच की जा रही है।


