जशपुर: शासकीय विद्यालय में छात्रों को बाइबिल बांटने का मामला, व्याख्याता पर कार्रवाई की मांग

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय केरसई में छात्रों को बाइबिल बांटने का मामला सामने आया है। आरोप है कि विद्यालय के एक व्याख्याता ने कक्षा में बाइबिल की प्रतियां वितरित की, जिसके बाद विद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, 10 फरवरी को व्याख्याता दीपक तिग्गा विलंब से विद्यालय पहुंचे और बिना प्राचार्य को सूचित किए सीधे कक्षा में चले गए, जहां उन्होंने विद्यार्थियों के बीच बाइबिल की पुस्तिकाएं वितरित कीं। घटना के बाद छात्रों के बैग की जांच की गई, जिसमें बाइबिल की 14 प्रतियां बरामद की गईं।
प्राचार्य ने इसे गंभीर प्रशासनिक उल्लंघन मानते हुए व्याख्याता को कारण बताओ नोटिस जारी किया है और 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है।
व्याख्याता के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग
इस घटनाक्रम की जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी को दी गई है, साथ ही अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की गई है। फिलहाल इस मामले की जांच की जा रही है और व्याख्याता के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की जा रही है।



