रईसजादे की लग्जरी कार का कहर: कानपुर पुलिस ने शिवम मिश्रा को किया गिरफ्तार, कोर्ट में जमानत अर्जी दाखिल

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में लग्जरी लैंबॉर्गिनी कार से हुए हादसे में पुलिस ने आरोपी शिवम मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है। शिवम, शहर के तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा का बेटा है। इस मामले ने तब तूल पकड़ा जब हादसे से जुड़े CCTV फुटेज और डिजिटल सबूत सामने आए। कानपुर पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया कि जांच और उपलब्ध साक्ष्यों से यह स्पष्ट हो चुका है कि हादसे के समय कार शिवम मिश्रा ही चला रहा था।
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि प्रारंभिक एफआईआर में शिवम का नाम शामिल नहीं था, लेकिन बाद में साक्ष्यों के आधार पर उसका नाम जोड़ा गया। पुलिस के पास दुर्घटना से पहले और बाद की गतिविधियों से जुड़े ठोस डिजिटल सबूत मौजूद हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, शिवम के पिता केके मिश्रा ने मीडिया से बातचीत में दावा किया कि उनके बेटे ने कार नहीं चलाई थी और वह पुलिस की थ्योरी से सहमत नहीं हैं। इस बीच, शिवम के वकील ने कानपुर कोर्ट में जमानत और सरेंडर से संबंधित अर्जी दाखिल की है।
अनियंत्रित होकर फुटपाथ पर चढ़ी कार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय कार की रफ्तार तेज नहीं थी, लेकिन वह अचानक अनियंत्रित होकर फुटपाथ पर चढ़ गई। वहां खड़ी एक बुलेट मोटरसाइकिल को कार ने टक्कर मारी, जिस पर दो युवक सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक युवक करीब 10 फीट दूर जा गिरा। कुछ लोगों ने दावा किया कि ड्राइवर सीट पर शिवम ही था और उसके मुंह से झाग निकल रहा था, जिससे मिर्गी के दौरे की आशंका जताई गई। हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
मौके पर बाउंसर्स की धक्का-मुक्की
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आरोप लगाया कि कार के साथ आए बाउंसर्स ने भीड़ के साथ धक्का-मुक्की की और लोगों को दूर हटाने की कोशिश की। हादसे के बाद का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें टक्कर का दृश्य तो नहीं दिखता, लेकिन उसके तुरंत बाद की स्थिति नजर आती है। वीडियो में कुछ लोग कार से उतरते हुए और घटनास्थल पर भीड़ इकट्ठा होते हुए दिखाई दे रहे हैं।
लग्जरी लाइफस्टाइल के कारण चर्चा में रहता है शिवम मिश्रा
शिवम मिश्रा अपने परिवार की लग्जरी लाइफस्टाइल के कारण पहले भी सुर्खियों में रह चुका है। मार्च 2024 में आयकर विभाग की छापेमारी के दौरान परिवार के ठिकानों से 100 करोड़ रुपये से अधिक की लग्जरी कारें बरामद हुई थीं, जिनमें रोल्स रॉयस, लैंबॉर्गिनी, फरारी और मैकलॉरेन जैसी महंगी गाड़ियां शामिल थीं। फिलहाल पुलिस सभी साक्ष्यों को संकलित कर चार्जशीट तैयार करने में जुटी है।



