रायपुर में गर्मी का अहसास: 32.8 डिग्री के साथ राजधानी सबसे गर्म, अंबिकापुर में 8.4 डिग्री पहुंचा न्यूनतम तापमान

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। नमीयुक्त हवा के प्रभाव से रायपुर में दिन का तापमान रात से दोगुना हो गया है। बुधवार को रायपुर में सबसे अधिक तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी 7 दिनों तक मौसम में कोई विशेष बदलाव की संभावना नहीं है।
पिछले 24 घंटों के दौरान रायपुर में अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया। इस दौरान कोई बारिश की गतिविधि नहीं देखी गई। मौसम विभाग के अनुसार, रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, जगदलपुर, अंबिकापुर और पेंड्रा में दिन का तापमान सामान्य से 2 डिग्री अधिक रिकॉर्ड किया गया है। मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई जा रही है।
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ मध्य और उपरी क्षोभमंडल में स्थित है, जो प्रदेश में 12 फरवरी से न्यूनतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं लाएगा।
रायपुर में गुरुवार का मौसम
रायपुर में गुरुवार को धुंध छाए रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।



