किसानों की होली होगी शानदार: साय कैबिनेट का फैसला, 10 हजार करोड़ रुपये का अंतर भुगतान एकमुश्त होगा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आज मंत्रालय, महानदी भवन में कैबिनेट की बैठक आयोजित हुई। इस बैठक में किसानों के हित से जुड़ी कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए।
कैबिनेट की बैठक में लिए गए निर्णय:
- मंत्रिपरिषद की बैठक में छत्तीसगढ़ के षष्ठम् विधान सभा के अष्टम् सत्र के लिए राज्यपाल के अभिभाषण का अनुमोदन किया गया।
- बजट अनुमान वर्ष 2026-27 के लिए छत्तीसगढ़ विनियोग विधेयक-2026 के प्रारूप का अनुमोदन किया गया, जिसे विधानसभा में प्रस्तुत किया जाएगा।
- मंत्रिपरिषद ने राज्य में समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से अंतर की राशि होली पर्व से पहले एकमुश्त भुगतान करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया।
ध्यान देने योग्य तथ्य:
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में 25 लाख 24 हजार 339 किसानों से 141.04 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा कृषक उन्नति योजना के तहत लगभग 10 हजार करोड़ रुपये का भुगतान होली त्यौहार से पहले किया जाएगा।
यह भी उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ सरकार प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल के मान से कर रही है, जो देश में सर्वाधिक है। पिछले दो वर्षों में इस योजना के तहत किसानों को 25 हजार करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया जा चुका है। इस साल होली से पूर्व किसानों को 10 हजार करोड़ रुपये का भुगतान होने से यह राशि कुल मिलाकर 35 हजार करोड़ रुपये हो जाएगी।



