जांजगीर-चांपा: बारात में घुसा अनियंत्रित कैप्सूल वाहन, सारंगढ़ कांग्रेस जिलाध्यक्ष बाल-बाल बचीं, 4 महिलाएं घायल

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक सड़क हादसे का लाइव वीडियो सामने आया है। इस दुर्घटना में सारंगढ़ कांग्रेस जिला अध्यक्ष तारा देवांगन सहित बारात में डांस कर रहे महिलाओं को एक कैप्सूल वाहन ने ठोकर मार दी। हादसे में 4 महिलाओं को चोटें आईं, जिन्हें अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती किया गया है। हालांकि, राहत की बात यह रही कि कांग्रेस जिला अध्यक्ष तारा देवांगन को कोई चोट नहीं आई।
जानकारी के अनुसार, कांग्रेस जिला अध्यक्ष के चाचा के बेटे की शादी का कार्यक्रम था, जिसमें बारात सारंगढ़ से जांजगीर जिले के बिर्रा से होते हुए घिवरा रोड के भाटापारा पहुंची थी। घटना देर रात करीब 12 बजे की है, जब बारात में डांस कर रहे लोग सड़क पर थे। इसी दौरान एक कैप्सूल वाहन ने उन्हें ठोकर मार दी।
घटना के तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को जब्त कर लिया। चालक को थाने लाकर उसकी मेडिकल जांच कराई गई, जिसमें शराब पीने की पुष्टि नहीं हुई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।



