कलयुगी बेटी का खौफनाक कदम: पिता ने मुआवजे पर दी समझाइश, तो हंसिया मारकर कर दी हत्या

कोरबा। जिले के हरदीबाजार थाना क्षेत्र के ग्राम रलिया की लिममुंडा बस्ती में मुआवजे की राशि को लेकर हुए विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। 27 वर्षीय बेटी ने पिता पर हंसिया से ताबड़तोड़ हमला कर उनकी हत्या कर दी। यह सनसनीखेज वारदात सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात हुई।
मृतक की पहचान 55 वर्षीय अशोक कुमार केंवट के रूप में हुई है। आरोपी बेटी गीता केंवट (27) है, जो सोशल मीडिया पर यूट्यूबर के रूप में सक्रिय थी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, अशोक कुमार केंवट की पत्नी घरेलू विवाद के कारण आठ वर्ष पूर्व तीन बेटियों के साथ कोतवाली क्षेत्र के आदिले चौक में रह रही थी। दो बेटियां निजी कंपनी में काम करती हैं, जबकि तीसरी पढ़ाई कर रही है। जमीन अधिग्रहण के एवज में अशोक को मुआवजा मिला था। बंटवारे के सिलसिले में मां-बेटियां सोमवार को गांव आई थीं।
देर रात भोजन के बाद परिवार में बातचीत चल रही थी। रात करीब दो बजे मुआवजे की राशि को लेकर अशोक और बड़ी बेटी गीता के बीच विवाद शुरू हो गया। अशोक ने पहले समझाने की कोशिश की, लेकिन बाद में फटकार लगाते हुए कुछ अपशब्द कह दिए। यह बात गीता को बर्दाश्त नहीं हुई। गुस्से में आकर उसने पास रखे हंसिया से पिता पर लगातार वार किए। हमलों से अशोक के चेहरे और गले में गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही खून से लथपथ होकर ढेर हो गया।
घटना के बाद गीता घर से बाहर निकली और परिजनों को पिता की हत्या की जानकारी दी। चाचा संतोष केंवट सहित अन्य परिजन कमरे में पहुंचे तो बिस्तर पर अशोक की खून से सनी लाश पड़ी मिली। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रमोद डनसेना टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और हत्या में प्रयुक्त हंसिया बरामद किया।
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी गीता केंवट यूट्यूब और इंस्टाग्राम पर रील्स व वीडियो बनाकर वायरल करती थी। हाल ही में उसने एक शिक्षाकर्मी का वीडियो बनाया था, जिसमें कुछ आपत्तिजनक कमेंट भी किए गए थे। वीडियो पोस्ट होने के बाद शिक्षाकर्मी ने शिकायत की थी और वह चर्चा में आई थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच जारी रखी है।



