जगदलपुर: शराब पीकर स्कूल आने वाले सहायक शिक्षक निलंबित, जिला शिक्षा अधिकारी ने की कार्रवाई

जगदलपुर। जिला शिक्षा अधिकारी बी.आर. बघेल ने सहायक शिक्षक एलबी प्राथमिक शाला, फाफनी, विकासखंड बस्तर अंशुराम कुमार को कर्तव्य में लापरवाही बरतने के कारण तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जारी आदेश के अनुसार, अंशुराम कुमार द्वारा नियमित रूप से शराब सेवन कर अध्यापन कार्य करने और शासकीय आदेशों एवं निर्देशों की अवहेलना करने तथा शासकीय कार्यों में लापरवाही बरतने के मामले में जांच के बाद यह निर्णय लिया गया। अंशुराम कुमार को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम-3 के उपनियम के उल्लंघन का दोषी पाया गया।
निलंबन अवधि में अंशुराम कुमार का मुख्यालय कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी बस्तर निर्धारित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन-निर्वाह भत्ता मिलेगा। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।


