ईडी की रडार पर टीना अंबानी, मैनहट्टन संपत्ति मामले में पूछताछ के लिए दोबारा दी जाएगी दस्तक

नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) मनी लॉन्ड्रिंग मामले में रिलायंस ग्रुप के चेयरमैन अनिल अंबानी की पत्नी टीना अंबानी को पूछताछ के लिए जल्द ही नया समन जारी करेगा। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पूर्व फिल्म अभिनेत्री टीना अंबानी को एजेंसी ने सोमवार को पेश होने के लिए समन भेजा था, लेकिन वह निर्धारित समय पर उपस्थित नहीं हुईं। अधिकारियों के अनुसार, ईडी उन्हें दोबारा तलब करेगी। बताया जा रहा है कि पूछताछ न्यूयॉर्क के मैनहट्टन में एक लग्जरी कॉन्डोमिनियम की खरीद से जुड़े मनी ट्रेल को लेकर की जानी है।
इस मामले में ईडी ने हाल ही में रिलायंस कम्युनिकेशन (आरकॉम) के पूर्व प्रेसिडेंट पुनीत गर्ग को गिरफ्तार किया है। वहीं, सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर अनिल धीरूभाई अंबानी ग्रुप (एडीएजी) से जुड़े कथित बैंक फ्रॉड और उससे संबंधित वित्तीय अनियमितताओं की जांच के लिए एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया है।



