नीमका जेल में खूनी संघर्ष: राम मंदिर उड़ाने की साजिश रचने वाले कैदी का कत्ल

फरीदाबाद। हरियाणा की फरीदाबाद स्थित नीमका जेल में बंद अब्दुल रहमान की रविवार देर रात हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप मर्डर केस में बंद कैदी अरुण चौधरी उर्फ अब्बू जट पर है, जिसने नुकीली वस्तु से हमला किया। दोनों को हाई सिक्योरिटी बैरक में एक साथ रखा गया था।
घटना की जानकारी मिलते ही जेल अधिकारी बैरक में पहुंचे। गंभीर रूप से घायल अब्दुल रहमान की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है और जांच शुरू कर दी गई है।
20 वर्षीय अब्दुल रहमान को गुजरात एटीएस ने मार्च 2025 में गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया था कि वह अलकायदा इन इंडियन सब-कॉन्टिनेंट से जुड़े कुख्यात आतंकी अबू सूफियान के संपर्क में था। उस पर अयोध्या में राम मंदिर को उड़ाने की साजिश रचने का गंभीर आरोप था।
वहीं आरोपी कैदी अरुण चौधरी का नाम भी चर्चित अक्षय शर्मा हत्याकांड में सामने आ चुका है। उसे पंजाब में हुई मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया था। करीब दो साल पहले उसे कठुआ जेल से फरीदाबाद की नीमका जेल में स्थानांतरित किया गया था।
जेल प्रशासन का कहना है कि घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की जाएगी।



