सावधान! फर्जी ट्रैफिक चालान का लिंक क्लिक करना पड़ा भारी, युवक ने गंवाए 4 लाख से अधिक रुपये

बिलासपुर. एक युवक के साथ फर्जी ई-ट्रैफिक चालान के जरिए 4 लाख 11 हजार 777 रुपए की ऑनलाइन ठगी की घटना सामने आई है। सिरगिट्टी थाना पुलिस के अनुसार, यदुनंदन नगर तिफरा निवासी मनीष कुमार सोनी ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है।
मनीष सोनी के अनुसार, 2 फरवरी 2026 की सुबह उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से संदेश आया, जिसमें कहा गया कि उनका 2 हजार रुपए का ट्रैफिक चालान हुआ है, क्योंकि उन्होंने ट्रैफिक सिग्नल को जंप किया था। संदेश के साथ एक एपीके फाइल भी भेजी गई थी। जैसे ही मनीष ने उस फाइल को खोला, वह ऐप उनके मोबाइल में इंस्टॉल हो गया। ऐप खोलने पर कुछ स्पष्ट जानकारी नहीं दिखी।
अगले दिन 3 फरवरी को शाम 4 बजे मनीष के पंजाब नेशनल बैंक, लिंगियाडीह शाखा के खाते से 8 अलग-अलग किश्तों में कुल 4 लाख 11 हजार 777 रुपए ट्रांसफर कर लिए गए। जब मनीष को यह जानकारी मिली, तो उन्होंने तुरंत साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने उनकी शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस धारा 318, 4 के तहत अपराध दर्ज किया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।



