अमृतसर: नरेगा विरोधी कानून के खिलाफ कांग्रेस का संघर्ष रहेगा जारी, जंडियाला गुरु की रैली में बरसे भूपेश बघेल

अमृतसर। पंजाब कांग्रेस के प्रभारी और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि नरेगा विरोधी कानून को वापस लेने तक कांग्रेस का संघर्ष निरंतर जारी रहेगा। वह जंडियाला गुरु दाना मंडी में जिला देहाती कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सिंह डैनी बंडाला के नेतृत्व में आयोजित विशाल रैली को संबोधित कर रहे थे।
भूपेश बघेल ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने गरीबों और मजदूरों के कल्याण के लिए नरेगा योजना की शुरुआत की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा और पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकारें एक सोची-समझी साजिश के तहत इस जनहितकारी योजना को समाप्त करने की कोशिश कर रही हैं।
रैली को संबोधित करते हुए पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने पूर्व विधायक सुखविंदर सिंह डैनी बंडाला की कार्यशैली की सराहना की। उन्होंने कहा कि डैनी बंडाला राहुल गांधी के विश्वसनीय सहयोगी हैं और उनमें पंजाब का नेतृत्व करने की पूरी क्षमता है। इस दौरान सुखविंदर सिंह डैनी बंडाला ने क्षेत्रवासियों का आभार जताते हुए संकल्प लिया कि राज्य में कांग्रेस की सरकार बनते ही नशे और अपराध पर अंकुश लगाकर जनता को सुरक्षित माहौल प्रदान किया जाएगा।
इस विशाल रैली में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा, सांसद गुरजीत सिंह औजला, सुखजिंदर सिंह रंधावा, पूर्व स्पीकर राणा केपी सिंह, विजय इंद्र सिंगला और सुखपाल सिंह खैहरा सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन भगवंतपाल सिंह सच्चर ने किया।



