रायपुर: कंकाली पारा तालाब में तैरती मिली युवक की लाश, शिनाख्त के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

रायपुर। राजधानी के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र अंतर्गत कंकाली पारा तालाब में शनिवार सुबह एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मंदिर दर्शन के लिए पहुंचे लोगों ने तालाब किनारे शव को तैरते देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सुबह करीब 6 बजे जब लोग मंदिर पहुंचे, तब उनकी नजर पानी में तैरते हुए शव पर पड़ी। सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। पुलिस ने घटनास्थल पर पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मेकाहारा अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच है। फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो पाई है और शरीर पर चोट के कोई स्पष्ट निशान भी नजर नहीं आए हैं। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मृतक की शिनाख्त के लिए आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट का मिलान किया जा रहा है। साथ ही तालाब के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि यह पता चल सके कि युवक तालाब तक कैसे पहुंचा और घटना की परिस्थितियां क्या थीं।



