रायपुर पुलिस ने सुलझाई 7 लाख की चोरी की गुत्थी, बिलासपुर जेल से रिहा होते ही आरोपी ने दी थी वारदात को अंजाम

रायपुर. देश के विभिन्न राज्यों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर नकबजन लोकेश श्रीवास को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर आंध्र प्रदेश, उड़ीसा, दिल्ली और छत्तीसगढ़ के कई जिलों में ज्वेलरी शॉप और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में करोड़ों रुपये की चोरी के गंभीर आरोप हैं। पुलिस के मुताबिक, लोकेश जेल से छूटने के अगले ही दिन रायपुर के सिविल लाइन और मौदहापारा थाना क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाओं को अंजाम देकर फरार हो गया था।
जानकारी के अनुसार, पंडरी स्थित एक कपड़े की दुकान के मालिक शिव कुमार वर्मा ने थाना सिविल लाइन में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसमें उन्होंने बताया कि उनकी दुकान का छप्पर तोड़कर अज्ञात आरोपी ने गल्ले से 2.75 लाख रुपये नगद चोरी कर लिए। इसी रात पास की नोवा फर्नीचर दुकान से 1.40 लाख रुपये और डिजाइनर सेनेटेशन, हार्डवेयर दुकान से 2.85 लाख रुपये नगद चोरी किए गए। इन तीनों दुकानों से कुल 7 लाख रुपये की चोरी हुई थी। थाना सिविल लाइन में अपराध पंजीबद्ध कर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई।
घटना स्थलों के आसपास लगे हजारों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। साइबर यूनिट के डाटाबेस से मिलान करने पर आरोपी का नाम लोकेश श्रीवास सामने आया, जो हाल ही में बिलासपुर जेल से रिहा हुआ था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने रायपुर सहित अन्य स्थानों पर दर्जनभर से अधिक चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 79,500 रुपये नगद और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, लोकेश श्रीवास उर्फ गोलू ने प्रदेश सहित देश के अन्य राज्यों में दो दर्जन से अधिक बड़ी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। फिलहाल, आरोपी से अन्य वारदातों के बारे में विस्तृत पूछताछ जारी है।



