कोरबा में एसबीआई के चीफ मैनेजर के सूने मकान में चोरी, पांच लाख के जेवरात पार

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एसबीआई के चीफ मैनेजर के घर चोरी का एक बड़ा मामला सामने आया है। चोरों ने सूने मकान की खिड़की तोड़कर करीब पांच लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरातों पर हाथ साफ कर दिया। यह घटना मानिकपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत दादर खुर्द मार्ग की है।
जानकारी के अनुसार, एसबीआई में चीफ मैनेजर के पद पर कार्यरत राजू मोदी शुक्रवार को सपरिवार जमीन की रजिस्ट्री कराने के लिए रायपुर गए हुए थे। जब वे देर रात करीब 1 बजे वापस लौटे और घर का ताला खोलकर भीतर गए, तो उनके होश उड़ गए। घर का सारा सामान बिखरा हुआ था और बेडरूम की खिड़की की रॉड टूटी मिली। चोरी का अहसास होते ही उन्होंने तत्काल डायल 112 और मानिकपुर पुलिस को घटना की सूचना दी।
चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक विशेषज्ञों को भी मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने पीड़ित मैनेजर का बयान दर्ज कर घटना की जांच तेज कर दी है।
मानिकपुर थाना प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और संदेहियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि चोरों का पता लगाया जा सके। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।



