फिल्म ‘घूसखोर पंडत’ पर गहराया विवाद, लखनऊ में निर्देशक पर FIR और मायावती ने की प्रतिबंध की मांग

नेटफ्लिक्स की आगामी फिल्म ‘घूसखोर पंडित’ का नाम विवादों में घिर गया है। फिल्म के नाम को जातिवादी और अपमानजनक बताते हुए ब्राह्मण समाज ने इस पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है। आरोप है कि फिल्म में ‘पंडित’ शब्द का नकारात्मक रूप में उपयोग किया गया है, जिससे समाज में रोष उत्पन्न हो रहा है।
लखनऊ के थाना हजरतगंज सेंट्रल जोन में फिल्म के निर्देशक रितेश शाह और उनकी टीम के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। डीसीपी सेंट्रल जोन विक्रांत वीर के अनुसार, इस वेब सीरीज के कंटेंट से जातिगत अपमान और सामाजिक आक्रोश पैदा होने की संभावना जताई जा रही है, और इस मामले में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने इस तरह के विवादों को लेकर ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाने का स्पष्ट संकेत दिया है।
इसी बीच, बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने भी इस फिल्म के खिलाफ मोर्चा खोला है। उन्होंने फिल्म के नाम को जातिवादी और अपमानजनक करार देते हुए इस पर तुरंत प्रतिबंध लगाने की मांग की। मायावती के मुताबिक, फिल्म में ‘पंडित’ शब्द का नकारात्मक तरीके से उपयोग ब्राह्मण समाज की भावनाओं को आहत कर रहा है।
विवाद की शुरुआत तब हुई जब फिल्म के ट्रेलर में अभिनेता मनोज बाजपेयी को एक भ्रष्ट पुलिसकर्मी ‘अजय दीक्षित’ के रूप में दिखाया गया, जिसे लोग उसकी रिश्वतखोरी की आदत के चलते ‘पंडित’ कहकर पुकारते हैं। इस संदर्भ में आरोप लगाया जा रहा है कि फिल्म निर्माता नीरज पांडे और निर्देशक रितेश शाह ने जानबूझकर ‘पंडित’ शब्द को घूसखोरी जैसे नकारात्मक संदर्भ में पेश किया है, जिससे समाज की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है।
मायावती ने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि यह दुखद और चिंताजनक है कि उत्तर प्रदेश और अब पूरे देश में फिल्म के माध्यम से ब्राह्मण समाज का अपमान किया जा रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि इस तरह की फिल्म को तुरंत प्रतिबंधित किया जाए।
फिल्म के खिलाफ यह विवाद तब और बढ़ा जब विभिन्न ब्राह्मण संगठनों ने भी इसके बहिष्कार की चेतावनी दी है। आलोचक और समाजिक संगठन इसे अभिव्यक्ति की आजादी के नाम पर एक समुदाय के अपमान के रूप में देख रहे हैं।
अब फिल्म के निर्देशक और निर्माता कानूनी और सियासी दबाव में हैं। लखनऊ में एफआईआर दर्ज होने के बाद यह मामला और तूल पकड़ सकता है।



