रायगढ़: टायर रिसाइक्लिंग प्लांट में धमाका, 8 मजदूर गंभीर रूप से झुलसे

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के खरसिया स्थित मंगल कार्बन प्लांट में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हुआ। टायर रिसाइक्लिंग के दौरान बॉयलर में हुए जोरदार धमाके ने पूरे प्लांट परिसर को दहला दिया। इस हादसे में 8 मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिनमें एक 9 महीने का बच्चा भी शामिल है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
यह घटना खरसिया थाना क्षेत्र के बानीपाथर इलाके की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाका इतना शक्तिशाली था कि इसकी गूंज दूर तक सुनाई दी। टायर गलाने की प्रक्रिया के दौरान अचानक हुए इस ब्लास्ट से निकली गर्म गैस और आग ने आसपास काम कर रहे मजदूरों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के समय लोग कुछ समझ पाते, तब तक 8 लोग बुरी तरह झुलस चुके थे।
अस्पताल में मची चीख-पुकार
हादसे के तुरंत बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, घायलों की हालत बेहद गंभीर है। कई मजदूर 70 से 80 प्रतिशत तक झुलस चुके हैं। विशेष रूप से 9 महीने के मासूम की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
टायर गलाने के दौरान तकनीकी गड़बड़ी की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, प्लांट में पुराने टायरों को गलाकर कार्बन बनाने का काम चल रहा था। इस बीच आशंका जताई जा रही है कि बॉयलर के भीतर दबाव ज्यादा बढ़ने या किसी तकनीकी खामी की वजह से यह विस्फोट हुआ। पुलिस और तकनीकी टीम ने मामले की बारीकी से जांच शुरू कर दी है कि यह ब्लास्ट कैसे हुआ।



