बीजापुर मुठभेड़ में नक्सली कमांडर उधम सिंह ढेर, मौके से एके-47 राइफल बरामद

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बड़ी सफलता मिली है। पेद्दागेलूर के जंगली इलाके में डीआरजी और सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन के जवानों ने मुठभेड़ के दौरान नक्सली कमांडर उधम सिंह को मार गिराया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सुरक्षा बल के जवान नक्सल विरोधी अभियान पर निकले थे, तभी नक्सलियों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में जवानों ने मोर्चा संभाला और काफी देर तक दोनों ओर से गोलीबारी चलती रही। मुठभेड़ स्थल की शुरुआती तलाशी में एक नक्सली का शव बरामद हुआ है, जिसकी पहचान कमांडर उधम सिंह के रूप में की गई है। मौके से एक अत्याधुनिक एके-47 राइफल और अन्य नक्सली सामग्री भी जब्त की गई है।
बीजापुर एसपी डॉ. जितेन्द्र यादव ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि सुरक्षा बलों द्वारा इलाके में अभी भी सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। जवानों ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी है ताकि अन्य छिपे हुए नक्सलियों की तलाश की जा सके। इलाके में स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और ऑपरेशन पूरा होने के बाद विस्तृत विवरण साझा किया जाएगा। सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई को नक्सल विरोधी अभियान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कामयाबी के रूप में देखा जा रहा है।



