कल्याण कॉलेज में तोड़फोड़ मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार, सभी को भेजा गया जेल

भिलाई। कल्याण कॉलेज में घुसकर उत्पात मचाने और प्राचार्य से दुर्व्यवहार के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों पर शासकीय कार्य में बाधा डालने और शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का आरोप है। भिलाई नगर थाना पुलिस ने अतुल कुमार चौधरी (19), निवासी खुर्सीपार और केतन तिवारी (23), निवासी नेहरू नगर सुपेला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा ने बताया कि 9 दिसंबर को कल्याण स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सेक्टर-7 भिलाई में प्राचार्य कक्ष में परीक्षा फॉर्म के परीक्षण और हस्ताक्षर का कार्य चल रहा था। इसी दौरान कॉलेज का पूर्व छात्र आकाश कन्नौजिया अपने साथियों के साथ नारेबाजी करते हुए अनधिकृत रूप से परिसर में घुस आया।
आरोपियों ने प्राचार्य कक्ष में घुसकर गाली-गलौज की और टेबल का कांच तोड़ दिया। शासकीय दस्तावेजों को फेंकने के साथ कई कागजात फाड़ दिए गए और उन पर स्याही डालकर नुकसान पहुंचाया गया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने जूते की माला बनाकर प्राचार्य को पहनाने का प्रयास किया और उनके नाम पट्टिका को भी खराब कर दिया।
घटना के दौरान धक्का-मुक्की और उपद्रव से कॉलेज में अफरा-तफरी मच गई और शासकीय कार्य पूरी तरह बाधित हो गया। प्राचार्य की शिकायत पर भिलाई नगर थाने में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस पहले ही इस प्रकरण में कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिनमें एनएसयूआई के महासचिव आकाश कन्नौजिया सहित अन्य शामिल हैं। फरार चल रहे अतुल चौधरी और केतन तिवारी को लगातार दबिश और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पकड़ा गया। पूछताछ के बाद दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।



