नवा रायपुर में छत्तीसगढ़ के पहले अंतरिक्ष केंद्र का शुभारंभ, गगनयान के नायक शुभांशु शुक्ला छात्रों से करेंगे संवाद

रायपुर। छत्तीसगढ़ के लिए आज का दिन ऐतिहासिक होने जा रहा है क्योंकि नवा रायपुर में राज्य के पहले अंतरिक्ष केंद्र का शुभारंभ होने जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय इस केंद्र का विधिवत उद्घाटन करेंगे। इस विशेष अवसर पर गगनयान मिशन के अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला छत्तीसगढ़ पहुंच रहे हैं, जो प्रदेश के छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद कर उन्हें अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति प्रेरित करेंगे।
राज्य सरकार ने इस पहल को “प्रोजेक्ट अंतरिक्ष संगवारी” का नाम दिया है, जिसके माध्यम से छात्रों को स्पेस रिसर्च और भविष्य की तकनीकों का गहन प्रशिक्षण दिया जाएगा। नवा रायपुर में स्थापित इस केंद्र में सैटेलाइट निर्माण, टेस्टिंग और ट्रैकिंग की आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। इस कदम का मुख्य उद्देश्य छत्तीसगढ़ को भविष्य में स्पेस टेक्नोलॉजी हब के रूप में पहचान दिलाना है।
इस केंद्र की स्थापना से राज्य के युवाओं को विज्ञान और अनुसंधान के क्षेत्र में नए अवसर प्राप्त होंगे। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की सुविधाओं से स्थानीय स्तर पर नवाचार को बढ़ावा मिलेगा और छत्तीसगढ़ अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में शामिल हो सकेगा।



