रायपुर: स्कूल-कॉलेज के आसपास जमावड़ा लगाने वाले असामाजिक तत्वों पर पुलिस की सख्ती, विशेष अभियान में हुई कार्रवाई

रायपुर। राजधानी के नॉर्थ जोन में पुलिस ने स्कूल और कॉलेजों के आसपास सक्रिय असामाजिक तत्वों और बेवजह भीड़ लगाने वाले युवकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा बुधवार को की गई इस कार्रवाई का उद्देश्य शैक्षणिक संस्थानों के पास छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और सार्वजनिक शांति बनाए रखना है।
डीसीपी नॉर्थ जोन के निर्देशन में यह अभियान उरला, खमतराई, गुढ़ियारी, पंडरी और खम्हारडीह थाना क्षेत्रों में चलाया गया। इस दौरान पुलिस की टीमों ने स्कूल-कॉलेज परिसरों के आसपास अनावश्यक रूप से खड़े होने वाले युवकों और सामने स्थित पान ठेलों पर भीड़ लगाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की। पुलिस ने चेतावनी दी है कि सार्वजनिक स्थानों पर माहौल खराब करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस विभाग के अनुसार, असामाजिक गतिविधियों पर नियंत्रण पाने के लिए इस प्रकार के अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे। पुलिस का मुख्य लक्ष्य आम नागरिकों और छात्र-छात्राओं को एक भयमुक्त और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। इस कार्रवाई के बाद से शैक्षणिक संस्थानों के आसपास बेवजह घूमने वाले तत्वों में हड़कंप मचा हुआ है।



