अजित पवार के निधन पर छत्तीसगढ़ में शोक की लहर, मुख्यमंत्री साय समेत कई दिग्गज नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

रायपुर। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की बारामती में विमान हादसे में हुई मौत पर छत्तीसगढ़ के राजनेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत सहित प्रदेश के कई मंत्रियों ने इस घटना को भारतीय राजनीति के लिए बड़ी क्षति बताया है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि अजित पवार का जीवन किसान कल्याण और जनसेवा के लिए समर्पित था। उनका असमय निधन न केवल महाराष्ट्र बल्कि पूरे देश की राजनीति के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव और कैबिनेट मंत्री ओपी चौधरी ने भी इस दुर्घटना को हृदयविदारक बताया। उन्होंने कहा कि अजित पवार एक कर्मठ और जमीनी नेता थे, जिन्होंने सांसद, विधायक और उपमुख्यमंत्री के रूप में जनता की सेवा की। उनके अचानक चले जाने से राजनीतिक जगत में एक शून्य पैदा हो गया है।
विपक्ष के नेताओं ने भी इस दुखद घड़ी में अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विमान हादसे में जान गंवाने वाले सभी पांच लोगों के प्रति शोक जताया। पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने भी इस हादसे पर दुख प्रकट करते हुए पवार परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
ज्ञात हो कि उपमुख्यमंत्री अजित पवार बुधवार सुबह मुंबई से चार्टर्ड विमान द्वारा बारामती के लिए रवाना हुए थे। सुबह करीब 8:45 बजे लैंडिंग के दौरान विमान क्रैश हो गया और उसमें आग लग गई। इस हादसे में विमान में सवार सभी लोगों की मौत हो गई।



