रायपुर में आज से पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू, आईपीएस डॉ. संजीव शुक्ला ने संभाला पदभार

रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शुक्रवार 23 जनवरी 2026 से पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू हो गई है। इस अवसर पर आईपीएस डॉ. संजीव शुक्ला ने रायपुर के पहले पुलिस कमिश्नर के रूप में पदभार ग्रहण किया। जीई रोड स्थित नए कमिश्नर कार्यालय में उन्होंने ज्वाइनिंग ली। इस दौरान सभी अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, उप पुलिस आयुक्त सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
डॉ. संजीव शुक्ला 2004 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। उनका जन्म 8 जनवरी 1967 को हुआ था। उन्होंने दुर्गा कॉलेज, रायपुर से एमकॉम की डिग्री प्राप्त की। छात्र जीवन में वे सक्रिय राजनीति से जुड़े रहे। वर्ष 1990 में मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग से चयनित होने के बाद वे राज्य पुलिस सेवा में शामिल हुए और बाद में पदोन्नति के माध्यम से भारतीय पुलिस सेवा में आए।
अपने करियर में डॉ. शुक्ला ने दुर्ग जिले में लगभग सात वर्ष अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के पद पर कार्य किया। दुर्ग में पुलिस अधीक्षक के रूप में भी उन्होंने अपनी सेवाएं दीं। उनकी कार्यशैली को कठोर तथा अपराध नियंत्रण में प्रभावी माना जाता रहा है। इसके बाद उन्हें बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक के पद पर नियुक्त किया गया, जहां उन्होंने कानून-व्यवस्था, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों और संगठित अपराध से संबंधित मामलों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
डॉ. संजीव शुक्ला ने सीआईडी के प्रमुख अधिकारी के रूप में भी जिम्मेदारियां संभालीं। उत्कृष्ट और विशिष्ट सेवाओं के लिए उन्हें राष्ट्रपति द्वारा दो बार पुलिस पदक से सम्मानित किया गया है। पहला सम्मान वर्ष 2010 में और दूसरा वर्ष 2022 में मिला।



