रायपुर: उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने SIR प्रक्रिया पर कांग्रेस के आरोपों का किया पलटवार, कमिश्नर प्रणाली और बुलडोजर कार्रवाई पर भी दिए बयान

रायपुर, 21 जनवरी 2026: छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने विशेष गहन सत्यापन (SIR) प्रक्रिया के खिलाफ कांग्रेस के प्रदर्शन और वोटरों के नाम काटने के आरोपों पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि किसी का नाम कटवाना या जोड़वाना संभव नहीं है। कांग्रेस तथ्यों को गलत तरीके से पेश कर रही है और राजनीति के लिए अनावश्यक बयान दे रही है।
उन्होंने आगे कहा कि जो घुसपैठिए हैं, जिनके नाम 2003 की मतदाता सूची में नहीं मिल रहे हैं और जो बाहर से आए हैं, ऐसे लोगों के नाम कट रहे हैं और कटने भी चाहिए। SIR के विरोध में कांग्रेस के प्रदर्शन पर उन्होंने टिप्पणी की कि जब तार्किक आधार ही नहीं है, तो प्रदर्शन से क्या हासिल होगा।
उपमुख्यमंत्री ने रायपुर जिले में कमिश्नर प्रणाली लागू करने की संभावना पर भी बात की। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एक बैठक में पूरे जिले के लिए इसे लागू करने का निर्णय लिया था। इसे समूचे जिले की दृष्टि से देखा और विचार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री साय जल्द ही इस पर अंतिम निर्णय लेंगे।
राजधानी में 9 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के मामले में आरोपी के घर को रायपुर नगर निगम द्वारा बुलडोजर से ध्वस्त करने पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि यह कार्रवाई पूरी तरह कानून के दायरे में हुई है। निर्णय करना न्यायालय का काम है। बहरहाल, आरोपी से जुड़ी जो अवैध संरचनाएं थीं, उन पर कार्रवाई हुई है। यह न्यायसंगत और उचित कार्रवाई है तथा ऐसा होना भी चाहिए।



