ताडोबा से उदंती-सीतानदी तक पहुंचा गिद्ध, वन विभाग ने किया सफल रेस्क्यू

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले स्थित उदंती-सीतानदी टाइगर रिज़र्व में वन विभाग ने एक गिद्ध का सफल रेस्क्यू किया है, जिसने लगभग 400 किलोमीटर की दूरी तय कर यहां पहुंचा था। जांच में पुष्टि हुई है कि यह गिद्ध महाराष्ट्र के ताडोबा अंधारी टाइगर रिज़र्व से उड़ान भरकर छत्तीसगढ़ पहुंचा।
गिद्ध की पीठ पर माइक्रो ट्रांसमीटर और जीपीएस डिवाइस लगी होने से उसकी उड़ान का पूरा ट्रैक सामने आया है। लंबी दूरी की उड़ान के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई थी। प्रारंभिक जांच में डी-हाइड्रेशन या बीमारी की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल गिद्ध का इलाज जंगल सफारी परिसर में वन विभाग के चिकित्सक डॉ. जडिया और डॉ. ऋचा की निगरानी में किया जा रहा है। वन विभाग के अनुसार, पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद गिद्ध को उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित रूप से छोड़ दिया जाएगा।


