‘अब ये मेरे बॉस’..नितिन नवीन बने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पीएम मोदी की मौजूदगी में संभाला पदभार

नई दिल्ली। भाजपा नेता नितिन नवीन को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। भाजपा मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में नितिन नवीन ने औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित भी किया।
नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को बधाई देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वह दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक दल का नेतृत्व करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले कई महीनों से संगठन के विभिन्न स्तरों पर चुनाव की प्रक्रिया चली, जो पूरी तरह लोकतांत्रिक रही और आज इसका विधिवत समापन हुआ।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले डेढ़ वर्षों में पार्टी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जयंती और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष जैसे महत्वपूर्ण अवसर मनाए हैं।
उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी के नेतृत्व में भाजपा ने शून्य से शिखर तक का सफर तय किया। वेंकैया नायडू और नितिन गडकरी ने संगठन के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। राजनाथ सिंह के नेतृत्व में भाजपा ने पहली बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई, जबकि अमित शाह के नेतृत्व में पार्टी दूसरी बार सत्ता में आई। जेपी नड्डा के नेतृत्व में भाजपा ने पंचायत से संसद तक अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।
प्रधानमंत्री मोदी ने नितिन नवीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर कहा कि आज से नितिन नवीन उनके बॉस हैं और वह स्वयं पार्टी के एक कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि लोग भले ही उन्हें प्रधानमंत्री के रूप में देखते हों, लेकिन उनके लिए सबसे महत्वपूर्ण पहचान भाजपा के कार्यकर्ता की है।



