रायपुर: बस्तर संभाग के RSS संघचालक सुकालू राम बघेल की सड़क दुर्घटना में मौत, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जताया शोक

रायपुर, 16 जनवरी 2026: बस्तर संभाग के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के संघचालक सुकालू राम बघेल की जगदलपुर-चित्रकोट मार्ग पर शुक्रवार को हुई सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, बस्तर संभाग के संघचालक श्री सुकालू राम बघेल जी का सड़क दुर्घटना में आकस्मिक निधन अत्यंत दुःखद है। प्रभु श्रीराम पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिजनों को इस कठिन घड़ी में धैर्य एवं संबल प्रदान करें। ॐ शान्ति।”
दुर्घटना बड़ांजी थाना क्षेत्र में जगदलपुर-चित्रकोट मार्ग पर हुई। जानकारी के अनुसार, जगदलपुर की ओर से टाटा मैजिक वाहन चित्रकोट की दिशा में जा रहा था, जबकि विपरीत दिशा से बाइक सवार आ रहे थे। दोनों वाहनों की जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार काफी दूर तक जा गिरे।
इस दुर्घटना में बाइक सवार सुकालू राम बघेल की मौके पर ही मौत हो गई। टाटा मैजिक और बाइक में सवार अन्य चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सुकालू राम बघेल बस्तर संभाग में आरएसएस के विभाग संघ संचालक के रूप में सक्रिय थे तथा सामाजिक कार्यों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनकी असामयिक मृत्यु से संघ परिवार और क्षेत्र के लोगों में शोक की लहर है।



