छत्तीसगढ़ में तीन दिन मौसम स्थिर रहेगा, 15 जनवरी से फिर बढ़ेगी ठंड

रायपुर, 14 जनवरी 2026: छत्तीसगढ़ के अधिकांश इलाकों में मंगलवार को मौसम शुष्क रहा। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आने वाली नमी युक्त हवा के कारण अगले तीन दिनों तक मौसम में ठहराव की स्थिति बनी रहेगी। इसके बाद हवा की दिशा बदलने से तापमान में पुनः गिरावट शुरू होगी।
उत्तरी छत्तीसगढ़ के जिलों में ठंड का प्रभाव अधिक है। बलरामपुर-रामानुजगंज और सरगुजा में पिछले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दक्षिणी क्षेत्रों में दंतेवाड़ा और बस्तर के तापमान में भी गिरावट आई है, जबकि मध्य क्षेत्रों में सर्द हवाओं से फिलहाल राहत है।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान दुर्ग में 30.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 4.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सीमावर्ती इलाकों में तेज ठंड बनी हुई है, हालांकि पाला जमने की स्थिति में कुछ विराम है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले तीन दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। न तो न्यूनतम तापमान में बड़ी गिरावट आएगी और न ही अधिकतम तापमान में उल्लेखनीय वृद्धि। 15 जनवरी के बाद हवा की दिशा परिवर्तन के साथ पूरे प्रदेश में कड़ाके की ठंड की वापसी होगी तथा कई इलाकों में शीतलहर की स्थिति बन सकती है।
रायपुर में आज का मौसम
मौसम विभाग ने बुधवार को राजधानी रायपुर में सुबह के समय धुंध छाए रहने की संभावना जताई है। दिन के दौरान न्यूनतम तापमान 14 डिग्री और अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।



