महासमुंद जिले में अवैध धान परिवहन और भंडारण पर सख्त कार्रवाई, 217 बोरी धान और पिकअप वाहन जब्त

महासमुंद। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर जिले में अवैध धान परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में बीती रात विभिन्न स्थानों पर संयुक्त टीम द्वारा की गई छापेमारी में कुल 217 बोरी धान और एक पिकअप वाहन जब्त किया गया है।
बसना विकासखंड अंतर्गत ग्राम कुरचुंडी में अवैध रूप से धान का परिवहन करते हुए 80 पैकेट धान जब्त किए गए। धान का परिवहन बिना किसी वैध दस्तावेज के किया जा रहा था, जिस पर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
इसी प्रकार पिथौरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम भुरकोनी में संजय अग्रवाल के गोदाम में छापेमार कार्रवाई के दौरान 137 बोरी धान अवैध रूप से संग्रहित पाया गया। जब्त किए गए धान को आगे की कार्रवाई हेतु मंडी अधिनियम के तहत मंडी सचिव को सुपुर्द किया गया है।
बागबाहरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम शिकारिपाली, तेंदूकोना क्षेत्र में अवैध धान से भरी एक पिकअप वाहन को जब्त किया गया। वाहन में भरा धान अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा था। वाहन को जब्त कर संबंधित प्रकरण दर्ज किया गया है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले में अवैध धान खरीदी, भंडारण एवं परिवहन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संबंधित अधिकारियों को सतत निगरानी रखने और कड़ी कार्रवाई करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।



