बालोद: नेशनल रोवर-रेंजर जंबूरी विवाद पर स्कूली शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव का बयान, सांसद बृजमोहन अग्रवाल से मिलने की इच्छा जताई

बालोद। छत्तीसगढ़ में आयोजित नेशनल रोवर-रेंजर जंबूरी के बीच भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के राज्य अध्यक्ष पद को लेकर उठे विवाद पर स्कूली शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने बड़ा बयान दिया है। सांसद बृजमोहन अग्रवाल की नाराजगी दूर करने के सवाल पर मंत्री यादव ने कहा कि बृजमोहन उनका बड़ा भाई है। यदि वे इस पद को लेकर नाराज हैं तो उनसे मुलाकात करूंगा।
बता दें कि कांग्रेस ने जंबूरी में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। वहीं रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा था कि विवाद के कारण जंबूरी कार्यक्रम को स्थगित किया गया था। वैधानिक अध्यक्ष होने के बावजूद उन्हें हटाए बिना नए अध्यक्ष की घोषणा करना नियमों के खिलाफ है, जिसके चलते उन्होंने न्यायालय का रुख किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुझे हटाए बिना अध्यक्ष की जो घोषणा सरकार ने की है, वह वैधानिक नहीं है।
इस पर स्कूली शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि बृजमोहन भैया का कहना सही है। स्काउट गाइड की अलग नियम और परंपरा है। पुराने लोग बिना सोचे-समझे कुछ भी बोल देते हैं। स्काउट की कार्यप्रणाली अलग है। कांग्रेस के लोगों ने बिना सोच-समझे आरोप लगाने का काम किया है। देशभर के बच्चे जंबूरी कार्यक्रम में आए हैं। बृजमोहन भैया कोई दूसरे नहीं हैं, हमारे परिवार के बड़े भैया हैं। जाकर उनसे मिल लेंगे।
मंत्री यादव ने आगे कहा कि हमारे पिताजी हम पर नाराज होते हैं, हमारे बड़े भैया हम पर नाराज होते हैं। स्वाभाविक है छोटा भाई हूं, बृजमोहन भैया से जाकर मिलूंगा। उनसे समय लिया हूं। आज वे दिल्ली में हैं, कल जाकर मुलाकात करूंगा।



