पुसौर नगर पंचायत के सब इंजीनियर दुर्गेश मालाकार निलंबित, बिना काम भुगतान का आरोप

रायगढ़। पुसौर नगर पंचायत में पदस्थ सब इंजीनियर दुर्गेश मालाकार को नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने गुरुवार को निलंबित कर दिया है। मालाकार पर जल आवर्धन पंप हाउस के पास शॉपिंग कॉम्पलेक्स निर्माण कार्य में बिना कार्य कराए राशि का भुगतान करने का आरोप है। इसके अलावा अन्य गड़बड़ियों के चलते विभाग ने यह कार्रवाई की है।
इस संबंध में गुरुवार को नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के अवर सचिव अजय तिर्की द्वारा आदेश जारी कर दुर्गेश मालाकार को निलंबित किया गया है। निलंबन के दौरान उन्हें संयुक्त संचालक कार्यालय बिलासपुर में अटैच किया गया है।
उल्लेखनीय है कि पिछले सप्ताह ही कलेक्टर के आदेश पर नगर पंचायत पुसौर से सब इंजीनियर दुर्गेश मालाकार को हटाकर उनकी जगह हाउसिंग बोर्ड के सब इंजीनियर गजेन्द्र साहू को प्रभार सौंपा गया था।



