शेयर मार्केट में मुनाफे का झांसा देकर ओडिशा के कारोबारी से 2 करोड़ की ठगी

रायपुर। शेयर मार्केट में बड़े मुनाफे का लालच देकर ठगों ने ओडिशा के एक कारोबारी से 2 करोड़ रुपए की ठगी कर ली। मैसेंजर प्लेटफॉर्म के जरिए कारोबारी को एक निवेश ग्रुप से जोड़ा गया, जहां शेयर मार्केट में निवेश से संबंधित जानकारियां और मुनाफे के दावे किए जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, कारोबारी ने शुरुआत में 1 लाख रुपए निवेश किए। इसके बदले उन्हें 13 लाख रुपए का मुनाफा देकर विश्वास में लिया गया। इसके बाद ठगों ने 2 करोड़ रुपए निवेश करने पर पांच दिन में 40 लाख रुपए मुनाफे का लालच दिया। झांसे में आकर कारोबारी ने 2 करोड़ रुपए निवेश कर दिए। इसके लिए उसे रायपुर बुलाया गया, जहां फाफाडीह इलाके के पास उससे नकद रकम ली गई। रकम देने के बाद कारोबारी वापस लौट गया, लेकिन न तो मुनाफा मिला और न ही मूल राशि वापस की गई।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच के बाद ठगी का अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, ओडिशा निवासी नेमीचंद जैन का बड़ा कारोबार है। कुछ माह पहले उनके मोबाइल पर एक लिंक आया था, जिसे खोलने पर वे टेलीग्राम के एक ग्रुप से जुड़ गए। ग्रुप में टाटा कंसल्टेंसी कंपनी में निवेश से जुड़े संदेश और करोड़ों के मुनाफे के दावे साझा किए जा रहे थे।
इसी दौरान अर्चना अग्रवाल, हर्ष, विकास साहू, सुनीता नंदा, अजय त्रिपाठी और अजित पात्रा नाम के लोगों ने कारोबारी से संपर्क किया। इन लोगों ने पहले 1 लाख रुपए निवेश कराकर विश्वास जीता और बाद में बड़ी रकम ठग ली। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।



